
मिलीभगत से खोले 17 फर्जी अकाउंट, सीबीआई ने की 30 के खिलाफ एफआईआर
राजस्थान के श्रीगंगानगर में पंजाब एंड सिंध बैंक की दो शाखाओं में बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से 1621 करोड़ रुपए का घोटाला उजागर हुआ है।
सीबीआई (जोधपुर) ने इस मामले में बैंक के दो तत्कालीन ब्रांच मैनेजरों समेत 30 से ज्यादा लोगों और फर्मों के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
घोटालेबाजों ने साइबर फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग की काली कमाई को सफेद करने के लिए ‘म्यूल अकाउंट्स’ का इस्तेमाल किया। सीबीआई ने 21 जुलाई 2025 को जांच शुरू की थी।
केस में 13 जनवरी 2026 को FIR दर्ज की गई। एजेंसी के अनुसार फर्जी कंपनियां के जरिए ये फर्जीवाड़ा किया गया। आरोपियों ने कुछ महीनों में 17 खातों के जरिए हजारों करोड़ रुपए इधर-उधर कर दिए।
फर्जी विजिट रिपोर्ट और जाली केवाईसी
सीबीआई FIR के अनुसार, इस साजिश के मुख्य आरोपी पंजाब एंड सिंध बैंक के दो तत्कालीन ब्रांच मैनेजर विकास वाधवा (सीनियर मैनेजर, गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल ब्रांच) और अमन आनंद (चीफ मैनेजर, मुख्य शाखा, श्रीगंगानगर) थे।
इन्होंने आदित्य गुप्ता उर्फ विशाल गुप्ता (जीरकपुर, चंडीगढ़), प्रवीण अरोड़ा, प्रेम कुमार सैन और आतिल खान के साथ मिलकर फ्रॉड किया।
फर्जी फर्में और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल
इस गैंग ने कुल 17 फर्जी फर्मों और कंपनियों के नाम पर ‘म्यूल’ करंट अकाउंट्स खोले थे। आरोपियों ने जाली केवाईसी (KYC) दस्तावेज, फर्जी रेंट एग्रीमेंट और अन्य बनावटी सहायक दस्तावेज तैयार करके बैंक में जमा कराए। आरोपी मैनेजर्स ने मौके पर गए बिना ही फर्जी साइट विजिट रिपोर्ट और बिजनेस वेरिफिकेशन तैयार कर दीं, ताकि खाते आसानी से खुल सकें।
दो ब्रांच, 17 खाते, 1621 करोड़ के लेनदेन
मुख्य ब्रांच में 20 दिन (19 जून से 9 जुलाई 2024) के भीतर 4 खाते खोले गए, जिनमें लगभग 537 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ। वहीं, गर्ल्स स्कूल ब्रांच में अगस्त 2024 से मार्च 2025 की अवधि में कुल 13 खाते खोले गए, जिनमें लगभग 1084 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ था।
फंड की लेयरिंग और नुकसान
खाते एक्टिव होने के बाद, इनका उपयोग साइबर क्राइम और अन्य अवैध गतिविधियों से प्राप्त काली कमाई को बैंकिंग चैनलों के माध्यम से रूट और लेयरिंग (उस रास्ते को इतना उलझा देना कि कोई उसका सिरा न पकड़ सके) और ट्रांसफर करने के लिए किया गया। इसका उद्देश्य पैसे के असली स्रोत को छुपाना था।
यह पूरा स्कैम बैंक अधिकारियों की सक्रिय मिलीभगत के बिना संभव नहीं था, जिन्होंने अपनी आधिकारिक स्थिति का दुरुपयोग कर फर्जी रिपोर्ट तैयार कीं।
सीबीआई का एक्शन- छापेमारी और धाराएं
मामला दर्ज होने के बाद सीबीआई ने छापेमारी भी शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार, हनुमानगढ़ रोड पर निकुंज विहार स्थित एलकेजी इन्फो सॉल्यूशंस के डायरेक्टर अजय गर्ग के ठिकानों पर दबिश दी गई।
सीबीआई ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी और जाली दस्तावेज का उपयोग करने की धाराओं के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं।
अब जानिए… क्या होते हैं म्यूल अकाउंट?
- म्यूल अकाउंट बैंक खाते होते हैं जिनका इस्तेमाल अपराधी अवैध धन को लॉन्ड्रिंग या स्थानांतरित करने के लिए करते हैं। इन्हें उन व्यक्तियों द्वारा संचालित किया जा सकता है जिन्हें नौकरी के घोटालों, ऑनलाइन ऑफ़र या सोशल मीडिया संदेशों के माध्यम से “मनी म्यूल” बनने के लिए बहलाया-फुसलाया जाता है।
- इसमें पैसा प्राप्त करने और स्थानांतरित करने के लिए कमीशन का वादा किया जाता है। इस तरह के खाते धोखेबाजों को चोरी किए गए धन के स्रोतों को छिपाने में मदद करते हैं और अक्सर फ़िशिंग घोटालों, ऑनलाइन धोखाधड़ी और अन्य वित्तीय अपराधों से जुड़े होते हैं।








